तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 60 वर्षीय महिला की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने रांची-नेतरहाट मुख्य पथ किया जाम

Pramod Kumar,News11 Bharat,

स्कॉर्पियो सवार वाहन लेकर मौके से फरार

पंकज कुमार/न्यूज11  भारत

घाघरा/डेस्क:  घाघरा. थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय मनकुंवर देवी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना सोमवार सुबह करीब 7:00 बजे की बताई जा रही है. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रांची-नेतरहाट मुख्य पथ पर इटकीरी के समीप सड़क जाम कर दिया और मृतक के परिजनों को सरकारी मुआवजा देने तथा दुर्घटना स्थल पर बैरिकेडिंग एवं स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो (JH15AF-5240) ने मनकुंवर देवी को टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. ग्रामीणों ने बताया कि मनकुंवर देवी सुबह अपने घर से गोबर फेंकने के लिए निकली थीं. इसी दौरान बिशुनपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़ी महिला को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार वाहन लेकर मौके से फरार हो गए.

ग्रामीणों ने तत्काल स्कॉर्पियो का पीछा किया. बताया जाता है कि वाहन का पीछा गुमला तक किया गया, लेकिन स्कॉर्पियो पकड़ में नहीं आई, जिसके बाद ग्रामीण वापस लौट आए.

इधर घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना के एसआई मनीष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. तब तक आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया था. 

परिवार जनों को मुआवजा, बैरिकेडिंग व स्पीड ब्रेकर की मांग पर अड़े थे ग्रामीण

ग्रामीण मृतक के परिवार को सरकारी मुआवजा देने के साथ-साथ दुर्घटना स्थल पर बैरिकेडिंग एवं ठोकर निर्माण की मांग पर अड़े रहे.

एसआई मनीष कुमार ने ग्रामीणों को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया तथा सड़क सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और ठोकर निर्माण की मांग संबंधित विभाग तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई का प्रयास करने का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त किया और करीब डेढ़ घंटे बाद सुबह 8:30 बजे सड़क जाम हटा लिया. जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी.

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की तलाश की जा रही है.

यह भी पढ़ें: रजरप्पा मंदिर प्रांगण में आने-जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीसीएल ने बिछाए विशेष मैट