प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत
भरनो/डेस्क: भरनो प्रखंड क्षेत्र में देर शाम बारिश के साथ हुए वज्रपात ने आताकोरा पंचायत के आताकोरा ठुटाटोली गांव में एक पशुपालक परिवार को गहरा आर्थिक नुकसान पहुंचाया. वज्रपात की चपेट में आने से बंगिया उरांव पति खख्लू उरांव की एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई. भैंस की मौत से परिवार के सामने आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है. बताया जाता है कि देर शाम क्षेत्र में बारिश हो रही थी. इसी दौरान अचानक जोरदार वज्रपात हुआ,जिसकी चपेट में भैंस आ गई. वज्रपात इतना तेज था कि भैंस की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. पशुपालक परिवार के लिए यह घटना काफी पीड़ादायक है,क्योंकि पशुधन ग्रामीण परिवारों की आय और आजीविका का महत्वपूर्ण साधन होता है. एक पशु के नुकसान से परिवार की आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ा है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद आताकोरा पंचायत के पूर्व मुखिया बुधराम उरांव घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित पशुपालक परिवार से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण पशु की मौत से परिवार को काफी नुकसान हुआ है. ऐसे में प्रशासन को पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की पहल करनी चाहिए. पूर्व मुखिया बुधराम उरांव ने कहा कि वे इस मामले को अंचल प्रशासन के समक्ष रखेंगे और सरकारी प्रावधान के तहत पशुपालक परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे,ताकि परिवार को आर्थिक नुकसान की कुछ भरपाई हो सके. ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि वज्रपात से हुई पशु की मौत का स्थल निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराया जाए तथा सरकारी प्रावधान के अनुसार पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाए. इससे प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे परिवार को राहत मिल सकेगी.