न्यूज11 भारत
हजारीबाग/डेस्क: हाईवा चालक से अवैध वसूली के आरोप में न्यूज़ ११ भारत में चले वीडियो मामले में हजारीबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. इस मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाए हैं. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पीसीआर 5 में तैनात एक हवलदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. वहीं मामले में संलिप्त पाए गए दो अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है.
इसके अलावा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए इंस्पेक्टर रैंक के पदाधिकारी को जांच का जिम्मा सौंपा गया है. जांच अधिकारी को मामले के सभी पहलुओं की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. गौरतलब है कि हाल ही में न्यूज़ 11 भारत पर एक वीडियो चला था, जिसमें पीसीआर-5 पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हाईवा चालक से पैसे लेते देखा जा रहा था . वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी.
पुलिस अधीक्षक की इस त्वरित कार्रवाई को विभाग की जवाबदेही और पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, मेदिनीनगर के चार लोगों की दर्दनाक मौत