न्यूज11 भारत
गुमला/डेस्क: गुमला के आंजन धाम मंदिर के ढलान के पास सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दंपती की मौत हो गई. मृतकों की पहचान लोहरदगा जिले के सेन्हा प्रखंड अंतर्गत कुंदगढ़ी गांव निवासी गुरुदत्त उरांव (50 वर्ष) और उनकी पत्नी लक्ष्मी उरांव (48 वर्ष) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, दोनों सुबह आंजन धाम मंदिर में पूजा-अर्चना करने आए थे. पूजा के बाद स्कूटी से अपने गांव लौटने के दौरान आंजन मंदिर के ढलान के पास उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई. हादसा इतना भीषण था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही टोटो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को ऑटो के जरिए सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी सदर अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: चाईबासा एसीसी प्लांट बंद होने से 3000 बेरोजगार, ग्रामीणों ने पदयात्रा कर किया जोरदार विरोध