न्यूज11 भारत
पाकुड़/डेस्क: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त 2026 को सुबह 10:00 बजे से रविन्द्र भवन (टाउन हॉल) में जिला प्रशासन द्वारा भव्य सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय कला, संस्कृति, परंपरा और विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जोड़ना है.
आयोजन में पारंपरिक जनजातीय नृत्य एवं संगीत, जन-जागरूकता अभियान, शिल्प प्रदर्शनी और स्वदेशी खाद्य उत्सव मुख्य आकर्षण होंगे. स्थानीय शिल्पकारों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा जनजातीय हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाकृतियों तथा स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, वहीं स्वदेशी खाद्य उत्सव में पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी लोगों को मिलेगा.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पाकुड़ राज +2 उच्च विद्यालय, रानी ज्योतिर्मयी स्कूल, जिदातो गर्ल्स हाई स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय, जेएसएलपीएस की दीदियां तथा कल्चरल क्लब, पाकुड़ के प्रतिभागी जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे.
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को वन पट्टा, साइकिल, नियुक्ति पत्र एवं अन्य लाभ वितरित किए जाएंगे. साथ ही एएनएम, जीएनएम, स्वास्थ्य सहिया, आंगनबाड़ी सेविकाओं सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, खेलकूद, समाज कल्याण एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा.
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, ज्ञान और जीवन मूल्यों को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित न रहकर जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित करने, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करने तथा जनजातीय कला, शिल्प और लोक संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने का प्रभावी मंच बने.
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और विरासत के इस गौरवपूर्ण उत्सव के सहभागी बनें.
यह भी पढ़ें: पलामू में अवैध हथियारों के खिलाफ 'ऑपरेशन सफाया' शुरू, एसपी कपिल चौधरी की सख्त चेतावनी