संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: नागपंचमी के अवसर पर पाण्डु प्रखंड के कजरू खुर्द गांव में सोमवार को भव्य मेला एवं कथा वाचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. धार्मिक आयोजन को लेकर सुबह से ही गांव में उत्साह और भक्ति का माहौल रहा. बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन स्थल पर पहुंचे और नाग देवता की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की.
मेले में नमक एवं नमक से बने खाद्य पदार्थों के सेवन और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहा. श्रद्धालुओं ने धार्मिक परंपरा के अनुसार इस नियम का पालन किया. आयोजन स्थल पर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई थी.
कार्यक्रम के दौरान कथा वाचन का आयोजन किया गया. कथा वाचक ने नागपंचमी के धार्मिक एवं पौराणिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए भगवान शिव और नाग देवता की आराधना से जुड़ी मान्यताओं की जानकारी दी. कथा के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा.
वहीं, मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें, खिलौने, खान-पान की सामग्री और मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र बने रहे. बच्चों ने झूलों का आनंद लिया, जबकि महिलाओं और ग्रामीणों ने मेले में खरीदारी की. आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण मेला देखने पहुंचे.
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लक्ष्मी चंद्रवंशी मेडिकल की मेडिकल टीम भी मौके पर मौजूद रही. टीम ने आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराई.
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि नागपंचमी के अवसर पर धार्मिक परंपरा को कायम रखने और ग्रामीणों को एकजुट करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष इस तरह के आयोजन किए जाते हैं. मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष बीर बहादुर सिंह, सचिव लव विस्वकर्मा, पुजारी सह पंचायत के उपमुखिया सतबीर सिंह, पंकज पाण्डेय, निखिल पाण्डेय, राहुल पाण्डेय, प्रिंस, के अलावे अन्य कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एँव ग्रामीण मौजूद रहे
यह भी पढ़ें: चंदवा NH-75 पर बने सभी खतरनाक ब्रेकर हटाए गए, हादसे के बाद प्रशासन आया हरकत में