न्यूज़ 11 भारत
राजगंज/डेस्क: राजगंज दलुडीह पंचायत स्थित दलुडीह गांव में गुरुवार को उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब गांव निवासी धनेश्वर तुरी का शव उनके पैतृक आवास पहुंचा. शव के गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया और अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार धनेश्वर तुरी बीते 11 जून को अपने कुछ साथियों के साथ मजदूरी करने के उद्देश्य से तमिलनाडु के कोयंबटूर के लिए रवाना हुए थे. यात्रा के दौरान वे तिरुप्पुर स्टेशन पर उतर गए, जहां एक सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई. घटना की जानकारी परिजनों तक पहुंचने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
गुरुवार अपराह्न करीब चार बजे शव गांव पहुंचा, जिसके बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया. शाम को स्थानीय श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया. ग्रामीणों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. धनेश्वर तुरी अपने पीछे तीन पुत्रियां, एक पुत्र तथा भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके असामयिक निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है.
यह भी पढ़ें: झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही ने ली नवजात की जान, सील अस्पताल का नाम बदलकर चल रहा था 'मौत का खेल'