मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर हुआ बड़ा हादसा, शालिमार-कुर्ला एक्सप्रेस से गिरकर एक युवक की मौत, पहचान में जुटी जीआरपी

Pramod Kumar,News11 Bharat,

न्यूज11  भारत

मनोहरपुर/डेस्क: मनोहरपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 के समीप बुधवार सुबह एक व्यक्ति की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी मनोहरपुर मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक संभवतः शालिमार-कुर्ला एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा था. आशंका जताई जा रही है कि वह ट्रेन के दरवाजे के पास बैठा था और झपकी आने के दौरान संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन, हेडफोन, चार्जर तथा कुछ नगद रुपये बरामद किए गए हैं. जीआरपी बरामद मोबाइल फोन के आधार पर मृतक की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. हादसे के कारण राउरकेला-टाटा-बादामपहाड़ पैसेंजर ट्रेन का परिचालन भी लगभग आधे घंटे तक प्रभावित रहा. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. जीआरपी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.

यह भी पढ़ें: कुंभ मेला हादसे के बाद नाम बदल कर चल रही फरार बस राजगंज में जब्त, हादसे में हुई थी 7 लोगों की मौत