सड़क किनारे टहल रहे व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर मौत, चालक वाहन सहित मौके से फरार

Pramod Kumar,News11 Bharat,

प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत

भरनो/डेस्क: एनएच-23 रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर भरनो-बेड़ों सीमा क्षेत्र स्थित असरो पेट्रोल पंप के समीप बीते सोमवार रात करीब 9:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजेश ढाबा के मजदूर 52 वर्षीय काशी महतो की मौत हो गई.अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई.हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया.मृतक की पहचान करंज थाना क्षेत्र के डूडीया गांव निवासी काशी महतो के रूप में हुई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार काशी महतो लगभग तीन दिन पूर्व असरो स्थित राजेश ढाबा में काम करने आए थे और वहीं कार्यरत थे.सोमवार रात भोजन करने के बाद वह सड़क किनारे टहल रहे थे.इसी दौरान रांची की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि काशी महतो की मौके पर ही मौत हो गई.घटना बेड़ों थाना क्षेत्र में होने के कारण स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना बेड़ों थाना पुलिस को दी.सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की.इधर मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए रिम्स रांची भेज दिया.

और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है.आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ संभावित सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.इधर काशी महतो की मौत की खबर गांव पहुंचते ही डूडीया गांव में शोक की लहर दौड़ गई.परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.ग्रामीणों ने बताया कि काशी महतो मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे.उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दुर्घटना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी होने पर तत्काल थाना को सूचित करें,ताकि फरार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा सके.

यह भी पढ़ें: गढ़वा उपायुक्त ने जनसुनवाई में सुनीं आमजन की समस्याएं, प्राप्त शिकायतों के समाधान का पदाधिकारियों को दिया निर्देश