न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: मेदिनीनगर के पुलिस लाइन स्थित आवास से आज भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई. भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने के लिए नगर में भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े. परंपरा के अनुसार, इस वर्ष भी भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की रथ यात्रा को बड़े ही धूमधाम से निकाला गया, जिसने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया.
रथ यात्रा पुलिस लाइन से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी. यह यात्रा साहित्य समाज चौक, छः मुहान चौक, शदीक चौक, बेलवाटिका चौक, रेलवे स्टेशन, रेडमा ओवरब्रिज, रेडमा चौक और बैरिया चौक होते हुए गायत्री मंदिर पहुंची और फिर वापस अपने गंतव्य पर संपन्न होंगी इस दौरान रथ यात्रा के पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के बीच सूखा प्रसाद का वितरण किया गया. रथ यात्रा के समापन के बाद बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का भी आयोजन किया गया.
इस पावन रथ यात्रा में शामिल होने के लिए झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा वृंदावन, दिल्ली और पुरी से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेदिनीनगर पहुंचे. रथ यात्रा के दौरान प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और पूरा वातावरण भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया. स्थानीय श्रद्धालुओं ने बताया कि नगर में रथ यात्रा का आयोजन लंबे समय से होता आ रहा है, जो क्षेत्र की धार्मिक आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है.