राजगंज में अनियंत्रित होकर पलटा टेंपो, कई यात्री घायल, दो की हालत गंभीर

Pramod Kumar,News11 Bharat,

स्थानीय लोगों के अनुसार, टेंपो के आगे चल रही एक बाइक के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा

न्यूज11  भारत

राजगंज/डेस्क: धनबाद जिले के राजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलकाता-दिल्ली मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम एक सड़क दुर्घटना में कई लोग घायल हो गए. घटना जरमुनई के समीप हुई, जहां यात्रियों से भरा एक टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया.

स्थानीय लोगों के अनुसार, टेंपो के आगे चल रही एक बाइक के अचानक ब्रेक लगाने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण टेंपो सड़क के बीचो-बीच पलट गया. दुर्घटना के बाद बाइक सवार मौके से निकल गया.

घटना की सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों के सहयोग से टेंपो में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल गोविंद दास (निवासी सिधाबाद) और प्रिंस केवट (निवासी असनासिंघा) की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. दोनों का इलाज अस्पताल में जारी है. वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया.

पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा.

यह भी पढ़ें: खलारी सुभाषनगर से लापता तीनों मासूम सकुशल बरामद, बच्चों को बेचने ले जा रहा आरोपी गिरफ्तार भेजा गया जेल