राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: चंदवा शहर के सुभाष चौक स्थित बुधवार बाजार बैंक ऑफ़ इंडिया के समीप से गुरुवार सुबह एक स्कूटी जेएच 01 एफजे 9145 की चोरी की घटना सामने आई है. चोर ने महज कुछ मिनटों में दुकानदार की स्कूटी लेकर फरार हो गया. पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. जानकारी के अनुसार दुकानदार राहुल जायसवाल प्रतिदिन की तरह सुबह करीब 8:15 बजे अपनी दुकान पहुंचे. उन्होंने दुकान के बाहर स्कूटी खड़ी की और दुकान की साफ-सफाई में जुट गए. इसी दौरान अज्ञात चोर ने मौके का फायदा उठाते हुए स्कूटी चोरी कर ली. घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई. इंदिरा गांधी चौक, मैक्लुस्कीगंज मार्ग सहित विभिन्न स्थानों के फुटेज में आरोपी स्कूटी लेकर तेजी से भागता हुआ दिखाई दिया. हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस चोर को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी. पीड़ित राहुल जायसवाल ने चंदवा थाना में लिखित आवेदन देकर स्कूटी बरामद करने और आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है. गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से चंदवा थाना क्षेत्र में बाइक और स्कूटी चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है. इसके बावजूद अब तक किसी भी वाहन चोर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे लोगों में चिंता और नाराजगी बढ़ रही है.
यह भी पढ़ें: पलामू पुलिस का बड़ा खुलासा, सदर थाना क्षेत्र में नकली कीटनाशक और धान बीज फैक्ट्री का उद्भेदन, 40 लाख का सामान जब्त