गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा प्रखंड के बनकटिया गांव में मंगलवार सुबह 'रामलाल' नामक जंगली हाथी के प्रवेश करने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. हाथी के गांव में पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों के लोग सतर्क हो गए.ग्रामीणों के अनुसार, भोजन और पानी की तलाश में जंगली हाथी अक्सर रात के समय गांवों की ओर रुख कर रहे हैं. इससे न केवल जान-माल का खतरा बढ़ गया है, बल्कि किसानों की खेती भी प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है. विशेष रूप से धान की नर्सरी (बिछड़ा) को नुकसान पहुंचने का खतरा किसानों को चिंतित कर रहा है.
वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है और उसे सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास कर रही है. विभाग ने ग्रामीणों से हाथी के नजदीक न जाने, उसे किसी भी प्रकार से उकसाने से बचने तथा रात के समय आवागमन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.स्थानीय किसानों का कहना है कि यदि हाथी खेतों में घुसकर धान के बिछड़े को नष्ट कर देता है, तो उनकी मेहनत पर पानी फिर जाएगा और खेती को भारी नुकसान होगा. ग्रामीणों ने प्रशासन से हाथियों के गांवों में प्रवेश की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है.फिलहाल गांव में भय और सतर्कता का माहौल बना हुआ है तथा लोग हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं.