पाकुड़ में युवक ने घरेलू विवाद में की आत्महत्या, बेडशीट से लटका मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच

Pramod Kumar,News11 Bharat,

पड़ोसियों ने बताया राहुल राय और उसकी पत्नी पुतुल देवी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था

न्यूज11  भारत

पाकुड़/डेस्क: पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के बड़ी अलीगंज में मंगलवार को एक 30 वर्षीय युवक ने घरेलू विवाद के चलते आत्महत्या कर ली. युवक का शव उसके घर के एक कमरे में बेडशीट के फंदे से लटका मिला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया.

मृतक की पहचान 30 वर्षीय राहुल राय, पिता स्व. रामु राय के रूप में हुई है. वह नगर परिषद क्षेत्र के बड़ी अलीगंज वार्ड नंबर 2 का निवासी था. मंगलवार को जब उसका शव घर में लटका पाया गया, तो आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए.

वार्ड नंबर 2 के पार्षद उज्ज्वल हांडी और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता भी घटना स्थल पर पहुंचे. उन्होंने तत्काल नगर थाने को सूचना दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बेडशीट से लटके शव को नीचे उतारा और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की.

पड़ोसियों ने बताया कि राहुल राय और उसकी पत्नी पुतुल देवी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था. सोमवार रात को भी इस विवाद को सुलझाने के लिए एक पंचायती हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक बातचीत हुई थी. हालांकि, मंगलवार को अचानक राहुल का शव लटका मिला. लोगों ने आशंका जताई कि वह तनाव में था और इसी कारण उसने यह कदम उठाया होगा.

मृतक के बड़े भाई नंदू राय ने बताया कि राहुल उनके चार भाइयों में सबसे छोटा था. उसका विवाह 10 वर्ष पूर्व पाकुड़ प्रखंड के गोसाईपुर में हुआ था. राहुल और उसकी पत्नी पुतुल देवी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके लिए पंचायती भी हुई थी. मृतक के एक लड़का और एक लड़की है. नंदू राय ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

यह भी पढ़ें: पलामूवासियो को जाम से मिलेगी मुक्ति, कोयल नदी पर नए पुल का काम तेज, 33KV हाई टेंशन लाइन बनी बड़ी बाधा