रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
चाईबासा/डेस्क: जिला परिवहन विभाग द्वारा बुधवार को पोस्ट ऑफिस चौक पर चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया. मची अफरातफरी,मौके पर पुलिस और डीटीओ की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई. पोस्ट ऑफिस में बुलेट सवार मनीष पूर्ति को जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार की टीम ने हेलमेट नहीं पहनने पर रोका. पूछताछ के दौरान मनीष अचानक आक्रोशित हो गया और बोतल से पेट्रोल अपने शरीर पर डाल लिया. इसके बाद उसने लाइटर से खुद को आग लगाने की कोशिश की. सड़क सुरक्षा कर्मियों और पुलिस ने तुरंत उसे पकड़कर काबू कर लिया.
बाद में मनीष को सदर थाना ले जाकर अल्कोहल टेस्ट कराया गया, जिसमें उसके नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई. जिला परिवहन विभाग ने उसके खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना के कारण कुछ देर तक चौक पर अफरा-तफरी रही. और भीड़ इकट्ठा हो गई. हालांकि बाद में डीटीओ ने ट्रैफिक पालन नहीं करने वाले करीब 25 पकड़े गए वाहनों,चालकों को शपथ दिलाई और छोड़ी.