न्यूज़11 भारत
पाकुड़/डेस्क: पाकुड़ सदर प्रखंड के चांदपुर स्थित खनन चेकपोस्ट पर ड्यूटी के दौरान दंडाधिकारी उत्तम घोष के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में मुफस्सिल थाना पुलिस ने आरोपी चालक सुलेमान शेख को गिरफ्तार कर लिया है. मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने आरोपी के खिलाफ मुफस्सिल थाना कांड संख्या 96/26 दर्ज किया है. आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
जानकारी के अनुसार, चांदपुर खनन चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान चालक सुलेमान शेख ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के साथ गाली-गलौज की. आरोप है कि उसने ट्रक चढ़ाकर जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे सरकारी कार्य बाधित हुआ.
घटना की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दी गई. इसके बाद चेकपोस्ट पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी उत्तम घोष ने मुफस्सिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छापेमारी की और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: पलामू: हरिहरगंज टोल प्लाजा के पास मिली वृद्ध असहाय महिला, परिजनों की तलाश में जुटी पुलिस