मधु सुदन / न्यूज11 भारत
सरायकेला/डेस्क: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर आदित्यपुर एवं आरआईटी थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सघन अभियान शुरू कर दिया है. इसी बीच कल देर रात बुधवार को आदित्यपुर पुलिस ने विभिन्न इलाकों में मोटरसाइकिल से गश्त करते हुए असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखी और कई संदिग्ध स्थानों पर जांच अभियान चलाया.
पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न गली-मोहल्लों, चौक-चौराहों और पार्कों में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. वहीं, खरकाई पुल पर एंटी क्राइम अभियान के तहत दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई. इस दौरान वाहनों के कागजात समेत अन्य आवश्यक बिंदुओं की जांच की गई.
इसके अलावा पुलिस ने क्षेत्र के होटल और लॉज में भी जांच अभियान चलाया तथा वहां ठहरे लोगों की गतिविधियों की जानकारी ली. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं.
पुलिस ने शराब दुकानदारों, बार संचालकों तथा मांस-मछली विक्रेताओं को भी स्पष्ट हिदायत दी कि 15 अगस्त के दिन सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और प्रतिबंधों का पूरी तरह पालन करें. पुलिस ने चेतावनी दी कि आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में मानसून फिर पकड़ेगा रफ्तार, 14 अगस्त को झारखंड में भारी बारिश के आसार