न्यूज़11 भारत
लोहरदगा/डेस्क: उपायुक्त लोहरदगा संदीप कुमार मीणा एवं सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप के निर्देश पर जिले में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003 कोटपा के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनजागरूकता को लेकर व्यापक संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया.अभियान के दौरान कानून का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए अर्थदंड भी वसूला गया.
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कोषांग, लोहरदगा, खाद्य सुरक्षा विभाग तथा कुडू प्रखंड प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित इस अभियान में अंचल अधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारि शामिल रहे. संयुक्त टीम ने कुडू प्रखंड मुख्यालय के बस स्टैंड, ब्लॉक मोड़, चंदू चौक, जीमा चौक तथा विद्यालयों के आसपास करीब तीन दर्जन दुकानों की सघन जांच की.
जांच के दौरान कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले 12 दुकानदारों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा कुल 1,100 रुपये का अर्थदंड वसूला गया. छापेमारी के दौरान दुकानदारों और आम नागरिकों को तंबाकू नियंत्रण कानून की जानकारी दी गई. अधिकारियों ने तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू उत्पादों का सेवन प्रतिबंधित है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. अधीकारियों ने आम लोगों से भी तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की.