कलस्टर सिस्टम और देशव्यापी पेपर लीक के खिलाफ AISA और RYA का जोरदार प्रदर्शन, रेड़मा चौक पर किया चक्का जाम

Vaibhaw Vikram

न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क:
राज्यव्यापी चक्का जाम आवाहन के तहत झारखंड सरकार के उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा जारी कलस्टर सिस्टम के संकल्प पत्र और देश भर में नीट समेत तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक के खिलाफ आज पलामू में छात्रों और युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा.  ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के संयुक्त तत्वावधान में शहर मुख्यालय के व्यस्त रेड़मा चौक पर जोरदार चक्का जाम और प्रदर्शन किया गया.  इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार विरोधी नारे लगाए और सड़क जाम कर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया. 

​आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेताओं ने झारखंड सरकार के कलस्टर सिस्टम पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि इसके तहत सुदूरवर्ती क्षेत्रों के कॉलेजों को आपस में मर्ज किया जा रहा है.  कॉलेज सीमित और दूर हो जाने से ग्रामीण व गरीब पृष्ठभूमि के छात्र, विशेषकर छात्राएं, सुरक्षा कारणों से पढ़ाई छोड़ने पर मजबूर हो जाएंगी क्योंकि पलामू में आए दिन होने वाली अपराधिक घटनाएं इसका बड़ा कारण हैं.  इसके साथ ही कॉलेजों के विलय से प्रोफेसरों और अन्य कर्मियों के सृजित पद खत्म हो जाएंगे, जिससे युवाओं के सामने गंभीर रोजगार संकट पैदा होगा और नेट, जेट व सेट जैसी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों का भविष्य पूरी तरह अंधकारमय हो जाएगा. 

​प्रदर्शनकारियों ने देश में लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया.  वक्ताओं ने कहा कि नीट परीक्षा का पेपर लीक होना देश के लगभग 22 लाख छात्रों के भविष्य पर एक गहरा धब्बा है और इस मानसिक प्रताड़ना के कारण अब तक लगभग सात छात्र आत्महत्या कर चुके हैं.  हाल के दिनों में सीबीएसई और एसएससी जीडी का पेपर लीक होना यह साबित करता है कि परीक्षा प्रणाली राष्ट्रीय सरदर्द बन चुकी है.  नेताओं ने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इन तमाम विफलताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें. 

​नेताओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि आज का यह चक्का जाम महज एक सांकेतिक कार्यक्रम था.  यदि झारखंड सरकार कलस्टर सिस्टम को तुरंत वापस नहीं लेती है और पेपर लीक कराने वालों पर कठोर कार्रवाई नहीं होती है, तो आइसा और आरवाईए पूरे राज्य में एक बड़े और उग्र आंदोलन की ओर रुख करेगी. 

इस कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य रूप से आइसा पलामू के जिला सचिव गौतम दांगी और राज्य उपाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह ने किया.  मौके पर आइसा पलामू जिलाध्यक्ष गुड्डू भुइयां, खुशबू कुमारी, कंचन राज भारती, आर वाई ए के जिला सचिव पवन विश्वकर्मा,अंशु प्रसाद, ऋषि रौशन, चंदन कुमार, उमेश रवि, अनुलाल बाबू, अभय सिंह, एडवोकेट श्रवण देव, आनंद कुमार, आशुतोष पासवान, शाहजहां अंसारी, राकेश सिंह, शमशाद अंसारी, दिनेश मेहता, विवेक कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र और युवा उपस्थित थे. 

यह भी पढ़ें: नशा मुक्त भारत निर्माण को लेकर कथारा में निकाली गई जन जागरुकता रैली, नशे करते पकड़े गए तो होगी कार्रवाई