पलामू में कलस्टर सिस्टम और नीट पेपर लीक के खिलाफ आइसा का प्रदर्शन, विश्वविद्यालय मुख्यालय तक निकाला चेतावनी मार्च

Pramod Kumar,News11 Bharat,

संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत

पलामू/डेस्क:  ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की पलामू जिला इकाई के तत्वावधान में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा जारी विवादित संकल्प पत्र और विश्वविद्यालय में लागू किए जा रहे 'कलस्टर सिस्टम' के खिलाफ एक विशाल 'चेतावनी मार्च' निकाला गया. आइसा के जिला सचिव गौतम दांगी के नेतृत्व में यह आंदोलन जीएलए कॉलेज परिसर से शुरू होकर नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय मुख्यालय तक पहुंचा, जहां यह एक बड़ी विरोध सभा में बदल गया. इस दौरान छात्र नेताओं ने स्थानीय स्तर पर कलस्टर सिस्टम का विरोध करने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर गर्माए नीट परीक्षा विवाद को भी पुरजोर तरीके से उठाया.

सभा को संबोधित करते हुए आइसा के राज्य उपाध्यक्ष रंजीत सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि देश में नीट पेपर लीक का मामला सामने आने से लाखों होनहार छात्रों का भविष्य अंधकार में डूब गया है, जो यह साबित करता है कि शिक्षा व्यवस्था का पूरी तरह से बंटाधार हो चुका है. दूसरी तरफ, राज्य सरकार द्वारा लाया जा रहा कलस्टर सिस्टम पूरी तरह छात्र विरोधी है, जिसके तहत कॉलेजों का आपस में विलय होने से गरीब और ग्रामीण परिवेश के छात्र-छात्राओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं की सुरक्षा का संकट खड़ा होगा. इससे आने वाले दिनों में पढ़ाई छोड़ने वाले छात्रों की संख्या बढ़ने की पूरी आशंका है, जबकि पलामू प्रमंडल पहले से ही शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ा हुआ है.

मार्च का नेतृत्व कर रहे आइसा के जिला सचिव गौतम दांगी ने विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि पलामू के छात्र पहले से ही सत्र की लेत-लतीफी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं और ऐसे में यह कलस्टर सिस्टम थोपना उन्हें पढ़ाई से वंचित करने की एक साजिश है. उन्होंने साफ किया कि आइसा छात्र हितों से कोई समझौता नहीं करेगी और इस जनविरोधी नीति को पलामू में किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने दिया जाएगा. छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस छात्र विरोधी संकल्प पत्र को वापस नहीं लिया और नीट जैसे घोटालों पर सख्त कार्रवाई नहीं की, तो पूरे प्रमंडल स्तर पर उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा. इस अवसर पर लातेहार जिला सचिव नागेंद्र राम, शिव शंकर उरांव, राज लक्ष्मी, खुशबू, अंशु प्रसाद सहित भारी संख्या में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी में राहगीरों को मिली राहत, पनशाला में बांटा गया ठंडा पानी व गुड़