आजसू छात्र संघ ने जनता शिवरात्रि महाविद्यालय में की तालाबंदी, सीट कटौती के विरोध में छात्रों का उग्र प्रदर्शन

Pramod Kumar,News11 Bharat,

संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत

पलामू/डेस्क: आजसू छात्र संघ के नेतृत्व में आज जनता शिवरात्रि महाविद्यालय में नामांकन हेतु निर्धारित सीटों में की गई कटौती के विरोध में जोरदार आंदोलन किया गया. छात्रों के आक्रोश को देखते हुए महाविद्यालय परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई. छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय प्रशासन द्वारा बिना किसी स्पष्ट कारण के विभिन्न विषयों में नामांकन सीटों में कटौती कर दी गई है, जिससे हजारों छात्र-छात्राओं के भविष्य पर संकट उत्पन्न हो गया है. इसी के विरोध में आजसू छात्र संघ के कार्यकर्ताओं एवं छात्रों ने महाविद्यालय परिसर पहुंचकर प्राचार्य सहित सभी शिक्षकों एवं कर्मियों को बाहर निकालते हुए मुख्य प्रवेश द्वार पर तालाबंदी कर दी.

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष अभिषेक राज ने कहा कि शिक्षा के अधिकार के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सीट कटौती का निर्णय छात्र विरोधी है और इससे गरीब एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों का उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना टूट जाएगा.आजसू छात्र संघ के विश्वविद्यालय प्रभारी राणा हिमांशु सिंह ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन को पूर्व में भी ज्ञापन सौंपकर सीटों को पूर्ववत रखने की मांग की गई थी, लेकिन प्रशासन द्वारा छात्रों की मांगों की लगातार उपेक्षा की गई. मजबूर होकर छात्रों को आंदोलन एवं तालाबंदी का रास्ता अपनाना पड़ा.

जे एस कॉलेज अध्यक्ष अक्षत सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अविलंब सीट कटौती के निर्णय को वापस नहीं लिया गया और पूर्व की भांति नामांकन सीटें बहाल नहीं की गईं तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन एवं विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी. इस दौरान छात्रों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्राचार्य को भी बाहर बैठा लिया . रजिस्ट्रार से प्राचार्य ने वार्ता कर छात्रों को आश्वस्त करने का प्रयास किया मगर छात्र लिखित आश्वाशन की मांग पर अड़े रहे .

यह भी पढ़ें: एसआईआर के तहत मैपिंग कार्य के लिए बूथों पर लगा विशेष कैंप, लोगों से समय पर सत्यापन कराने की अपील