आजसू का युवा अधिवेशन 7–8 अगस्त को जमशेदपुर में

Ark Sahuliyar

झारखंड के नवनिर्माण का नेतृत्व करें युवा : सुदेश महतो

न्यूज़11 भारत 
रांची/डेस्क:
आजसू का युवा अधिवेशन आगामी 7–8 अगस्त को जमशेदपुर में आयोजित किया गया है. पार्टी के हरमू स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने युवा अधिवेशन की तैयारियों की समीक्षा की और दिशा निर्देश दिया. बैठक में अधिवेशन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए संगठनात्मक तैयारियों, जिला स्तर पर भागीदारी, प्रचार-प्रसार, जनसंपर्क अभियान तथा विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा हुई.

बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में झारखंड को नई दिशा देने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है. उन्होंने कहा कि युवा शक्ति केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत है. यदि युवा संगठित होकर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करें, तो झारखंड को विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय की नई दिशा मिल सकती है.

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राज्य के ज्वलंत मुद्दों को लेकर समाज के बीच जाएँ, संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करें तथा सकारात्मक राजनीति के माध्यम से झारखंड के बेहतर भविष्य के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ. उन्होंने कहा कि आगामी युवा अधिवेशन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं के विचार, संकल्प और नेतृत्व क्षमता का महत्त्वपूर्ण मंच होगा.

बैठक में केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, केंद्रीय सचिव हरीश कुमार, युवा संयोजक टिकैत महतो, अब्दुल जब्बार, छात्र आजसू अध्यक्ष ओम वर्मा, मीडिया संयोजक परवाज खान, अब्दुल जब्बार, पीयूष चौधरी, डॉ. पार्थ पारितोष, अजीत सिंह, आतिश महतो, करण महतो, प्रताप सिंह, अमित यादव, विशाल महतो, अंजू तिर्की सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.