प्रेम कुमार सिंह/न्यूज11 भारत
भरनो/डेस्क: ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं,किशोरियों और बच्चों को एनीमिया से मुक्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार को भरनो प्रखंड मुख्यालय सभागार में 'एल्केम एनीमिया मुक्ति अभियान' का शुभारंभ किया गया. विकास भारती बिशुनपुर के तत्वावधान एवं एल्केम फाउंडेशन के सहयोग से संचालित यह अभियान तुरीअम्बा, डूडीया और मारासीली पंचायत के 15 गांवों में चलाया जाएगा. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉक्टर शम्भू नाथ चौधरी एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी अतिथियों को विकास भारती के द्वारा फलदार पौधे भेंट कर स्वागत किया गया. मौके पर मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ. शंभूनाथ चौधरी ने कहा कि एनीमिया महिलाओं,किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालता है. उन्होंने कहा कि संतुलित आहार,समय पर हीमोग्लोबिन जांच और आयरन-फॉलिक एसिड की गोलियों के नियमित सेवन से इस समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है. उन्होंने अभियान में स्वास्थ्य विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.
मौके पर बीडीओ अरुण कुमार ने कहा कि स्वस्थ समाज के बिना समग्र विकास संभव नहीं है. उन्होंने बताया कि प्रखंड प्रशासन अभियान के सफल संचालन के लिए पंचायत प्रतिनिधियों,आंगनबाड़ी सेविकाओं और विकास भारती की टीम के साथ मिलकर कार्य करेगा,ताकि कोई भी जरूरतमंद लाभ से वंचित न रहे. मौके पर सीडीपीओ नीलम कुमारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों को एनीमिया के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा नियमित जांच,पोषण और आयरन-फॉलिक एसिड सेवन के लिए प्रेरित किया जाएगा. मौके पर विकास भारती बिशुनपुर के संयुक्त सचिव महेंद्र भगत ने बताया कि अभियान के तहत चयनित 15 गांवों में स्वास्थ्य जांच, परामर्श,दवा वितरण तथा पोषण संबंधी नियमित निगरानी की जाएगी. उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल जांच तक सीमित नहीं है,बल्कि लोगों के हीमोग्लोबिन स्तर में सुधार लाकर उन्हें स्वस्थ जीवन प्रदान करना है. कार्यक्रम में डीएसडब्ल्यूओ आरती कुमारी,प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जाहिद अख्तर,विकास भारती की उपाध्यक्ष रंजना कुमारी,कोषाध्यक्ष बसंत कुमार,बीपीओ सूरज लकड़ा,कृषि विज्ञान केंद्र की निशा तिवारी,सीके शर्मा,रामकुमार चौधरी,योगेश राम,विजय भगत,ज्योति कांत,मुखिया रश्मि लकड़ा,सुकेश उरांव सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं,शिक्षक,जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे.