चंदवा NH-75 पर बने सभी खतरनाक ब्रेकर हटाए गए, हादसे के बाद प्रशासन आया हरकत में

Pramod Kumar,News11 Bharat,

शिवा टोली के समीप ब्रेकर के कारण हुए दर्दनाक सड़क हादसे में टेंपो चालक की हुई थी मौत

राहुल कुमार/न्यूज11भारत 

चंदवा/डेस्क: लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच-75 रांची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर सड़क सुरक्षा को लेकर न्यूज11 भारत की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है. शिवा टोली के समीप सोमवार को ब्रेकर के कारण हुए दर्दनाक सड़क हादसे में टेंपो चालक की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद न्यूज11 भारत ने मामले को प्रमुखता से उठाया था. खबर प्रसारित होने के कुछ ही समय बाद प्रशासन और संबंधित विभाग हरकत में आए और चंदवा क्षेत्र में एनएच-75 पर बनाए गए कई ब्रेकरों को अँचला अधिकारी सुमित कुमार झा के मौजूदगी हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई.

सोमवार को शिवा टोली के समीप सड़क पर हाल ही में बनाए गए ब्रेकर से टेंपो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. हादसे में टेंपो चालक करण कुमार विद्यार्थी (32), निवासी कुर्रा, लातेहार की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्ची समेत कई यात्री घायल हो गए. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर अचानक बनाए गए ब्रेकर, पर्याप्त सुरक्षा संकेत नहीं होने और रात के समय वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा होने को लेकर सवाल उठाए थे.

घटना के बाद न्यूज11 भारत ने मौके से ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हुए सड़क पर बने ब्रेकर की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटना से जुड़े सवालों को प्रमुखता से सामने रखा. खबर में यह भी बताया गया कि ब्रेकर के आसपास पर्याप्त संकेतक, पेंटिंग अथवा सुरक्षा रिबन नहीं लगाए जाने के कारण वाहन चालकों को अचानक बने अवरोध का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा था.

न्यूज11 भारत की खबर सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया. इसके बाद चंदवा क्षेत्र में एनएच-75 पर बनाए गए ब्रेकरों को हटाने की कार्रवाई की गई. इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण अथवा यातायात नियंत्रण के लिए यदि ब्रेकर बनाए जाते हैं तो उनके पहले से स्पष्ट संकेतक, रिफ्लेक्टर, पेंटिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने चाहिए, ताकि रात के समय भी वाहन चालक उन्हें आसानी से देख सकें. अचानक और बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बनाए गए ब्रेकर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं.

हादसे के बाद उठे सवाल, अब कार्रवाई से उम्मीद

शिवा टोली की घटना ने एक बार फिर एनएच-75 पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. स्थानीय लोगों की मांग है कि भविष्य में सड़क पर किसी भी प्रकार का ब्रेकर या अन्य अवरोध बनाने से पहले सुरक्षा मानकों का पूरा पालन किया जाए और वाहन चालकों को पर्याप्त दूरी से इसकी जानकारी दी जाए.

न्यूज11 भारत की रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई को क्षेत्र के लोग सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं. हालांकि, लोगों का कहना है कि सिर्फ ब्रेकर हटाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे एनएच-75 पर सड़क की स्थिति, संकेतक, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित जांच भी जरूरी है.

न्यूज11 भारत की खबर ने एक बार फिर यह साबित किया है कि जनसमस्याओं और सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का असर प्रशासनिक स्तर पर भी देखने को मिल सकता है.

यह भी पढ़ें: गुमला: संत पात्रिक उच्च विद्यालय के हॉस्टल से छुट्टी लेकर निकला छात्र 10 दिनों से लापता, परिजनों ने दर्ज कराई गुमशुदगी की रिपोर्ट