न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित मुरी रेलवे स्टेशन का लोकार्पण किया. इस अवसर पर मुरी स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा के माननीय सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.
डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए आधुनिक रेल व्यवस्था एवं बेहतर आधारभूत संरचना अत्यंत आवश्यक है. अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से देश के रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है. मुरी स्टेशन का पुनर्विकास झारखंड के यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराएगा. यह परियोजना क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे निरंतर आधुनिकता की ओर अग्रसर है तथा झारखंड के रेलवे स्टेशनों का तेजी से विकास हो रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा.
इस अवसर पर दक्षिण पूर्व रेलवे के जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी, डीआरयूसीसी सदस्य बिनोद अग्रवाल, एडीआरएम हेमराज मीणा, मुख्य वाणिज्य पदाधिकारी अरविन्द कुमार सहित रेलवे के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. कार्यक्रम में जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने भी पुनर्विकसित मुरी स्टेशन का स्वागत करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षाओं की पूर्ति है और भविष्य में भी रेलवे सुविधाओं के विस्तार एवं विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें: 6 साल के मासूम बच्चे हिमांशु कुमार की हत्या के आरोप में ट्रायल फेस कर रही महिला सुनीता देवी साक्ष्य के अभाव में बरी