नीरज कुमार साहू/न्यूज11 भारत
बसिया/डेस्क: बसिया थाना क्षेत्र के देवी गुड़ी चौक निवासी प्रेम कुमार साहू के घर से मंगलवार दोपहर एक हैरान कर देने वाला मामला प्रकाश में आया है. यहाँ एक अज्ञात महिला अपने नवजात बच्चे को एक स्थानीय परिवार के पास छोड़कर फरार हो गई.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर लगभग 12 बजे बसिया क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी. इसी दौरान एक अज्ञात महिला बारिश से बचने के बहाने प्रेम कुमार साहू के घर के बाहर बरामदे में काफी देर तक बैठी रही.
कुछ समय बीतने के बाद, उस महिला ने घर की सदस्य पूजा गुप्ता को अपना नवजात बच्चा यह कहते हुए थमाया कि वह शौच के लिए जा रही है और तब तक बच्चे की थोड़ी देर देखभाल कर लें. बच्चा सौंपने के बाद महिला वहाँ से चुपचाप खिसक गई और वापस नहीं लौटी.
पुलिस और CWC की कार्रवाई
परिजन लगभग एक घंटे तक महिला के लौटने का इंतजार करते रहे. जब महिला काफी देर तक वापस नहीं आई, तो संदेह होने पर पूजा देवी और परिवार के अन्य सदस्यों ने तुरंत इसकी सूचना बसिया थाना को दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने त्वरित कार्रवाई की. पुलिस ने गुरुवार को बाल कल्याण समिति (CWC) से संपर्क साधा और नवजात बच्चे को सुरक्षित गुमला (CWC) पहुँचा दिया, जहाँ अब बच्चे की उचित देखभाल की जा रही है. पुलिस फिलहाल अज्ञात महिला की पहचान और तलाश में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: राजगंज में अनियंत्रित होकर पलटा टेंपो, कई यात्री घायल, दो की हालत गंभीर