झारखंड के खनिज और राजस्व अधिकारों पर हमला बर्दाश्त नहीं, सदन से सड़क तक लड़ेंगे: डॉ. इरफान अंसारी

Ark Sahuliyar

डॉ. अंसारी ने कहा, “13 अगस्त 2026 का दिन झारखंड के इतिहास में काले अक्षरों में लिखा जाएगा.

न्यूज़11 भारत 
रांची/डेस्क:
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने संसद से पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 (MMDR Amendment Bill 2026) को झारखंड के अधिकारों पर सीधा हमला बताते हुए भाजपा पर कड़ा प्रहार किया है. डॉ. अंसारी ने कहा, “13 अगस्त 2026 का दिन झारखंड के इतिहास में काले अक्षरों में लिखा जाएगा. भाजपा झारखंड की, आदिवासियों की और मूलवासी जनता के अधिकारों की दुश्मन है. खनिज हमारा है, जमीन हमारी है, लेकिन अधिकार छीनने का फरमान दिल्ली से जारी किया जा रहा है.”

उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है. राज्य के राजस्व अधिकारों को सीमित करने वाला कोई भी कदम झारखंड के विकास और गरीबों-कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए गंभीर चुनौती है. डॉ. अंसारी ने कहा, “हम चुप बैठने वाले नहीं हैं. सदन से सड़क तक और झारखंड से दिल्ली तक लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे. जरूरत पड़ी तो जंतर-मंतर तक जाएंगे और केंद्र सरकार के समक्ष झारखंड की जनता की आवाज मजबूती से रखेंगे.”

स्वास्थ्य मंत्री ने राहुल गांधी से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया. साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया कि झारखंड के खनिज और वित्तीय अधिकारों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार के इस फैसले का मजबूती से विरोध किया जाए. उन्होंने कहा, “झारखंड को बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है. हमारे आदिवासी-मूलवासी भाइयों-बहनों ने अपने खून-पसीने से इस राज्य को बनाया है. हम किसी भी कीमत पर झारखंड के अधिकारों को छिनने नहीं देंगे.” डॉ. अंसारी ने कहा, “झारखंड शांतिप्रिय है, लेकिन कमजोर नहीं. झारखंड झुकेगा नहीं और अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आखिरी दम तक संघर्ष करेगा.”

यह भी पढ़ें- खनिज झारखंड का, जमीन झारखंड की—तो हमारे हक-अधिकार का फैसला दिल्ली क्यों करेगी? : CM हेमंत सोरेन