बल्लभपुर विद्युत उपकेंद्र में दिनदहाड़े चोरी का प्रयास विफल, दीवार फांदकर फरार हुआ आरोपी 

Ark Sahuliyar

पाकुड़ मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बल्लभपुर विद्युत उपकेंद्र (33/11 केवी पीएसएस) में दिनदहाड़े चोरी का प्रयास विफल कर दिया गया.

न्यूज़11 भारत 
पाकुड़/डेस्क:
पाकुड़ मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बल्लभपुर विद्युत उपकेंद्र (33/11 केवी पीएसएस) में दिनदहाड़े चोरी का प्रयास विफल कर दिया गया. एक युवक पोस्ट इंसुलेटर का एल्युमिनियम हेड चुराने की कोशिश कर रहा था, तभी उपकेंद्र के जूनियर लाइनमैन अशोक राम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया. हालांकि, आरोपी दीवार फांदकर फरार हो गया.

जूनियर लाइनमैन अशोक राम ने बताया कि सोमवार सुबह वे विद्युत उपकेंद्र में ड्यूटी पर थे और पैनल रूम में अपना काम कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें उपकेंद्र के पास लगे ट्रांसफार्मर के करीब से कुछ आवाज सुनाई दी. खिड़की से देखने पर उन्होंने हंजला शेख नामक युवक को रिजर्व में रखे इंसुलेटर का एल्युमिनियम हेड तोड़ते हुए देखा.

राम ने युवक को आवाज दी, लेकिन तब तक उसने एल्युमिनियम हेड तोड़ दिया था. जब लाइनमैन उसकी ओर दौड़े, तो युवक उन पर हमला करने के लिए आगे बढ़ा. अशोक राम ने मौके पर पड़ा एक डंडा उठाया और उसे खदेड़ा. इसके बाद युवक उपकेंद्र की दीवार फांदकर भाग गया.

इस घटना की जानकारी तुरंत थाने को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की. जूनियर लाइनमैन  को बताया कि हंजला शेख, जो बेल पहाड़ी का रहने वाला है, पहले भी कई बार विद्युत उपकेंद्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है. इस संबंध में पहले भी थाने में लिखित शिकायतें दर्ज कराई गई हैं.

अशोक राम ने यह भी बताया कि करीब 10 दिन पहले भी हंजला शेख ने उपकेंद्र से तांबे का केबल तार चुराया था. इसके अलावा, उसने एक ट्रांसफार्मर से तेल निकालने का भी प्रयास किया था. उनकी चोरी की घटनाओं के कारण कई बार विद्युत फाल्ट हो चुके हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हुई है.वहीं उनके द्वारा बताया गया कि वह युवा के नाश करने के लिए इस प्रकार की चोरी करता है.