चंदनकियारी की बेटी बबिता हेम्ब्रम को राष्ट्रीय सम्मान, अमर कुमार बाउरी ने दी बधाई

Ark Sahuliyar

न्यूज11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क:
चंदनकियारी प्रखंड की युवा संथाली लोक कलाकार बबिता हेम्ब्रम को संथाली लोकनृत्य एवं लोकसंगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित 'उस्ताद बिस्मिल्लाह ख़ान युवा पुरस्कार' से सम्मानित किया जाएगा. संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली द्वारा उनके नाम की घोषणा के बाद पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है.

इस अवसर पर झारखंड के पूर्व नेता प्रतिपक्ष सह भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बबिता हेम्ब्रम को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि, "चंदनकियारी की युवा लोक कलाकार बबिता हेम्ब्रम को संताली नृत्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित उस्ताद बिस्मिल्लाह ख़ान युवा पुरस्कार से सम्मानित किया जाना अत्यंत गर्व एवं हर्ष का विषय है."

उन्होंने कहा कि यह सम्मान संगीत नाटक अकादमी द्वारा युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है. अमर कुमार बाउरी ने कहा कि यह उपलब्धि केवल बबिता हेम्ब्रम की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि चंदनकियारी सहित पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है. यह हमारी समृद्ध लोककला, लोकनृत्य और सांस्कृतिक विरासत की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान का प्रमाण है.

गौरतलब है कि चंदनकियारी प्रखंड के संथाल लाघला गांव की रहने वाली बबिता हेम्ब्रम ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और वर्षों की साधना के बल पर संथाली संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई है. उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्रवासियों, कलाकारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है तथा उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. बबिता हेम्ब्रम की यह सफलता झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाली प्रेरणादायी उपलब्धि मानी जा रही है.

यह भी पढ़ें- गंगा की लहरों पर वीकेंड पार्टी, मात्र इतने रुपए में क्रूज की सैर और अनलिमिटेड जायका, पटना में शुरू हुई नई सेवा