दशम फॉल के पास हाईवे पर महिलाओं की गाड़ी का कई किलोमीटर तक पीछा करने की घटना पर बाबूलाल का राज्य सरकार पर प्रहार

Pramod Kumar,News11 Bharat,

महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

न्यूज11  भारत

रांची/डेस्क: रांची के दशम फॉल के निकट महिलाओं की गाड़ी का कई किलोमीटर तक पीछा करने को गंभीर बताते हुए राज्य के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सरकार और पुलिस प्रशासन पर कड़ा प्रहार किया है. उन्होंने सोशल मीडिया में एक पोस्ट कर यह सवाल उठाया है. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा-

रांची के दशम फॉल क्षेत्र से लेकर हाईवे तक महिलाओं की गाड़ी का कई किलोमीटर तक पीछा कर उनके साथ बदसलूकी किए जाने की घटना बेहद भयावह और चिंताजनक है. सबसे गंभीर बात यह है कि महिलाओं द्वारा सूचना दिए जाने के बावजूद समय पर पुलिस सहायता के लिए नहीं पहुंची.

मुख्यमंत्री श्री @HemantSorenJMM जी दिल्ली में निवेशकों को आमंत्रित करने में व्यस्त हैं, लेकिन सवाल यह है कि ऐसी कानून-व्यवस्था पर कोई निवेशक कैसे भरोसा करेगा? जिस राज्य में पुलिस वाहन से खींचकर युवक की हत्या कर दी जाए और महिलाओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित न हो, वहां सुरक्षा का संदेश कैसे जाएगा?

राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन पर्यटन सीजन और मॉनसून के दौरान प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं है. यह स्थिति पर्यटकों और स्थानीय लोगों, दोनों के लिए चिंता का विषय है.

@ranchipolice @Jharkhandpolice दशम फॉल सहित राज्य के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक और प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

यह भी पढ़ें: वर्तमान शैक्षणिक स्थिति को लेकर राष्ट्रीय जनजाति आयोग की सदस्य आशा लकड़ा ने की समीक्षा बैठक