बेतला पहुंचे बाबूलाल मरांडी, टाइगर सफारी का लिया आनंद, कार्यकर्ताओं से की मुलाकात

Pramod Kumar,News11 Bharat,

प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत

बरवाडीह/डेस्क:  झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी गुरुवार की शाम विश्व प्रसिद्ध बेतला नेशनल पार्क पहुंचे. बेतला पहुंचने पर सांसद प्रतिनिधि मोजिबुद्दीन अंसारी एवं दीपक राज ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं वन विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली. पूर्व मुख्यमंत्री अपने परिवार के साथ बेतला पहुंचे थे. उन्होंने बेतला में ही रात्रि विश्राम किया.

शुक्रवार की सुबह कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा करने के बाद वे टाइगर सफारी के लिए पार्क भ्रमण पर निकले. लगभग एक घंटे तक चले भ्रमण के दौरान उन्होंने जंगल के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया तथा प्राकृतिक वातावरण का आनंद लिया. सफारी के दौरान उन्होंने स्वयं अपने कैमरे से कई तस्वीरें भी कैद कीं. जंगल की हरियाली, वन्यजीवों की गतिविधियां और प्राकृतिक सौंदर्य ने उनका विशेष ध्यान आकर्षित किया. 

पार्क भ्रमण के दौरान बाबूलाल मरांडी ने बेतला के पर्यटन महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि यह झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है और इसके विकास की व्यापक संभावनाएं हैं. उन्होंने पार्क की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक यहां पहुंच सकें और स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिल सके. इस दौरान सांसद प्रतिनिधि दीपक राज ने बरवाडीह क्षेत्र में व्याप्त बिजली संकट, पेयजल समस्या तथा अन्य जनहित के मुद्दों से उन्हें अवगत कराया. 

उन्होंने क्षेत्र में लोगों को हो रही परेशानियों की जानकारी देते हुए समाधान की दिशा में पहल करने का आग्रह किया. वहीं सतबरवा से पहुंचे आशीष सिन्हा ने मलय डैम के विकास से संबंधित मांगपत्र बाबूलाल मरांडी को सौंपा. राज्य की वर्तमान स्थिति पर चर्चा के दौरान मरांडी ने कहा कि झारखंड में विकास कार्यों को गति देने और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर प्रयासों की आवश्यकता है. इस अवसर पर वन क्षेत्र पदाधिकारी उमेश दुबे सहित कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें:  हजरत दाता पीर बख्श शाह का दो दिवसीय उर्स आज से शुरू,  23 मई को जलसा, 24 मई को कव्वाली कार्यक्रम का होगा आयोजन