प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड कार्यालय परिसर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर मतदाता सहायता के लिए नियुक्त स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड विकास पदाधिकारी सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी रेश्मा रेखा मिंज की देखरेख में किया गया.प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को दिव्यांग, वृद्ध, पीवीटीजी (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह) एवं अन्य कमजोर वर्ग के मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया में सहयोग उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई.
बताया गया कि सभी स्वयंसेवक मतदान केंद्रों पर बीएलओ के सहयोगी के रूप में कार्य करेंगे और जरूरतमंद मतदाताओं को मतदाता सूची से संबंधित जानकारी, आवश्यक सहायता एवं मतदान के दौरान सहयोग प्रदान करेंगे.अधिकारियों ने प्रशिक्षण में शामिल स्वयंसेवकों को उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया को सुगम और सरल बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी.
सभी स्वयंसेवकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में पात्र मतदाताओं तक पहुंचकर उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं.कार्यक्रम के दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण, आवेदन प्रक्रिया, मतदाताओं की समस्याओं के समाधान एवं मतदान केंद्र पर व्यवस्थाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं.मौके पर प्रखंड कार्यालय के कर्मी, संबंधित पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नियुक्त स्वयंसेवक मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: 30 जून से 29 जुलाई तक चलेगा गणना प्रपत्र अभियान, सभी मतदाताओं के लिए जरूरी