प्रेम कुमार सिंह/न्यूज11 भारत
गुमला/डेस्क: प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लस टू हाई स्कूल भरनो के खेल मैदान में सोमवार को प्रखंड स्तरीय लिटिल चैंप एवं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन किया गया. प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया.पूरे दिन चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अनुशासित खेल और शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया.प्रतियोगिता का समापन के अवसर पर प्रखंड प्रमुख पारस नाथ उरांव, बीपीओ सूरज लकड़ा,बीआरपी समीम एजाज ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं उन्हें खेल भावना के साथ खेलने की शुभकामनाएं दी.
मौके पर प्रमुख पारस नाथ उरांव ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करती हैं.सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला में अंडर 15 में राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यायल डूडीया की टीम विजेता रहे,जबकि राजकीय कृत मध्य विद्यालय भरनो की टीम उपविजेता बनी.वहीं अंडर 17 बालक वर्ग में प्लस टू उच्च विद्यालय भरनो विजेता रही,जबकि राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय दुम्बो की टीम उपविजेता बनी.
इसी तरह से अंडर 17 बालिका वर्ग में राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यायल पाबेया विजेता बनी,जबकि प्लस टू उच्च विद्यायल भरनो उपविजेता रही.इस प्रतियोगिता में चयनित सभी वर्गों की विजेता टीमें जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भरनो प्रखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी,खेल मैदान में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की अच्छी उपस्थिति रही, जिससे पूरे आयोजन का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा.प्रतियोगिता के सफल संचालन में सीआरपी भूषण केशरी,नूर एहसान,शशी भूषण,राजेश प्रसाद,अमित टोप्पो,योगेश प्रसाद केशरी,कलेश्वर सिंह सहित अन्य शिक्षकों एवं खेल पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
यह भी पढ़ें: 'बेटी को कुछ हुआ तो जिम्मेदार मैं', चैनपुर सीएचसी की बदहाली पर फूटा परिजनों का गुस्सा