बरसोल थाना प्रभारी को भाजपा मंडल ने सौंपा ज्ञापन, अवैध बालू परिवहन, ओवरलोड वाहनों और कानून-व्यवस्था पर कार्रवाई की मांग

Ark Sahuliyar

भारतीय जनता पार्टी, बरसोल मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को बरसोल थाना प्रभारी को छह सूत्री मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा.

न्यूज़11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क:
भारतीय जनता पार्टी, बरसोल मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को बरसोल थाना प्रभारी को छह सूत्री मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में बढ़ रही अवैध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की. ज्ञापन में कहा गया है कि मटिहाना–चकुलिया मुख्य सड़क पर प्रतिदिन रात्रि के समय बड़ी संख्या में लोहे एवं मिट्टी से लदे ओवरलोड भारी वाहनों का परिचालन हो रहा है, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. इसके अलावा क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में अवैध रूप से बालू का परिवहन दूसरे राज्यों में किए जाने का आरोप लगाते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है.

भाजपा मंडल ने ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र में अवैध लॉटरी के संचालन पर भी चिंता जताई और इसके विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने की मांग की. वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित खंडामौदा चौक पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं का उल्लेख करते हुए दुर्घटना नियंत्रण के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने तथा संबंधित विभाग से ओवरब्रिज निर्माण की पहल करने का आग्रह किया गया.

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि खंडामौदा से दारीसोल तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक चालकों द्वारा सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े किए जाने के कारण आवागमन प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. इस पर नियमित कार्रवाई की भी मांग की गई. इसके अलावा क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने, रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष जांच अभियान चलाने की मांग भी थाना प्रभारी से की गई.

भाजपा बरसोल मंडल ने प्रशासन से जनहित एवं क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने और सभी मांगों पर शीघ्र अमल सुनिश्चित करने की मांग की. मौके पर मंडल अध्यक्ष कमल कांत सिंह, मंडल प्रभारी जिला मंत्री कृष्णा पॉल,जिला उपाध्यक्ष ज्योत्सना बेरा, एस सी मोर्चा जिला अध्यक्ष राखोहरि मुखी, देबब्रत दे, राजीव भुई, शुक्ला बेरा, शिव शंकर माईती,उत्तम मुंडा,अर्णब भुई,नीलाद्री आईच,शत्रुधन धूलि,नारायण दे, अनूप जाना,रतन कालिंदी आदि उपस्थित थे.