न्यूज़11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: भाजपा बरसोल मंडल ने मंडल अध्यक्ष कमल कांत सिंह के नेतृत्व में मानुषमुड़िया उपस्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को 6 सूत्री ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य सुविधाओं की समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की मांग की. कार्यकर्ताओं ने कहा कि उपस्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है.
ज्ञापन में प्रमुख मांगों के तहत उपस्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की कमी दूर कर पर्याप्त डॉक्टरों की नियुक्ति, सभी आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाइयों की नियमित उपलब्धता, स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, 24×7 एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने, अस्पताल परिसर की नियमित साफ-सफाई तथा शुद्ध पेयजल और स्वच्छ शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई. इस अवसर पर आशुतोष पात्र, जगन्नाथ पलाई, अशोक बारीक, अर्णब भुई, सब्यसाची दास, अभिनाश राणा, अनूप जाना सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे.