नंदकिशोर कुमार/न्यूज11 भारत
डुमरी/डेस्क: किसानों की विभिन्न समस्याओं और सरकार द्वारा किए गए वादों को पूरा करने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रखंड कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा प्रखंड अध्यक्ष जवाहर कवर ने किया. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा.
धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रखंड अध्यक्ष जवाहर कवर ने कहा कि राज्य के किसान आज गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार किसानों के हितों की लगातार अनदेखी कर रही है. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किसानों से किए गए बड़े-बड़े वादे आज तक केवल घोषणाओं तक सीमित हैं.
बताया की हाल के दिनों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे किसान आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं. इसके बावजूद किसानों को समय पर राहत और उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है. किसानों को खाद, बीज और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
साथ ही राजेश केसरी ने भी कहा, "किसान देश की रीढ़ हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है. किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य और अधिकार मिलना चाहिए. भाजपा किसानों के हितों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी."
ज्ञापन के माध्यम से भाजपा ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 3200 रुपये प्रति क्विंटल करने, किसानों के बकाया भुगतान जल्द करने, फसल नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा देने, किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने तथा किसानों को मुफ्त बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की.
यह भी पढ़ें: ड्रोन तकनीक की मदद से सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, चूरी माइंस व आसपास के क्षेत्रों से 1.026 टन अवैध कोयला बरामद