न्यूज़11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: स्वतंत्रता दिवस पर पूर्वी सिंहभूम जिले में देशभक्ति की लहर बहने वाली है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित होने वाले विभिन्न भव्य कार्यक्रमों को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं. इसी कड़ी में भाजपा के युवा नेता राहुल सारंगी ने भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी से शिष्टाचार मुलाकात कर संगठनात्मक रणनीति तय की. बैठक के दौरान बहरागोड़ा में 15 अगस्त को निकलने वाली विशाल 'तिरंगा बाइक रैली' को अभूतपूर्व बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई. जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी के नेतृत्व में इस रैली के माध्यम से पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का संदेश देने का संकल्प लिया गया है.
1100 विद्यार्थियों के बीच वितरीत होगा तिरंगा
14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर घाटशिला स्थित प्रतिष्ठित जेसी हाई स्कूल में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. राहुल सारंगी ने विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष तापस चटर्जी एवं प्राचार्य से मुलाकात कर कार्यक्रम की रूपरेखा अंतिम रूप से तय की. इस दौरान राहुल सारंगी की ओर से विद्यालय के लगभग 1100 छात्र-छात्राओं के बीच राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) एवं मिठाई का वितरण किया जाएगा.
कार्यकर्ताओं में उत्साह
राहुल सारंगी ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी बहरागोड़ा की सड़कों पर सैकड़ों बाइक सवारों के साथ विशाल तिरंगा बाइक रैली निकाली जाएगी. जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी के मार्गदर्शन में इस यात्रा को लेकर पूरे जिले और ग्रामीण क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं एवं आम जनता में खासा उत्साह देखा जा रहा है. नेताओं ने संयुक्त रूप से आम जनमानस से इस राष्ट्रीय उत्सव का हिस्सा बनने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें: धनबाद: सड़क हादसे में ITBP जवान बबन शर्मा की मौत, पूरे सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार