न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: धनबाद में आज गुरुवार को तिरंगा यात्रा के दौरान भाजपा में गुटबाजी खुलकर देखने को मिली. जिला परिषद मैदान में पार्टी के दो गुटों में बंटे कार्यकर्ता आपस में ही उलझ गए. जानकारी के अनुसार जिला परिषद मैदान में आज भाजपा महानगर की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा के लिए कार्यकर्ता एकत्रित हुए थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर कुंभनाथ सिंह समर्थक अमरजीत कुमार और जिला मंत्री विधायक समर्थक रीता यादव के बीच विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते दोनों गुटों में मारपीट शुरू हो गयी.
इस विवाद के संबंध में एक ओर अमरजीत कुमार ने कहा कि जिला मंत्री ने उसे गाली दी और इसका विरोध करने पर वह उग्र हो गई और मारपीट करने लगी. वहीं महानगर जिलाध्यक्ष श्रवण राय ने कहा कि जहां सैंकड़ों कार्यकर्ता रहेंगे, वहां इस तरह की ऐसी ऊंच-नीच होती रहती है.