खरीफ फसल को लेकर भरनो में प्रखंड स्तरीय कार्यशाला आयोजित, किसानों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी

Pramod Kumar,News11 Bharat,

प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत

भरनो/डेस्क: प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कृषि तकनीकी केंद्र भरनो में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय खरीफ कार्यशाला का आयोजन किया गया.कार्यशाला में प्रखंड के सभी किसान मित्रों एवं दर्जनों किसानों ने भाग लिया.कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को खरीफ फसल की बेहतर खेती,बदलते मौसम के अनुसार फसल चयन तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देना था.

कार्यशाला में मुख्य रूप से उपस्थित कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अटल बिहारी तिवारी ने किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी.उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है,इसलिए किसानों को वर्षा के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए खेती करनी चाहिए.उन्होंने कम बारिश की स्थिति में कम अवधि में तैयार होने वाली फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी,ताकि किसानों को कम नुकसान हो और बेहतर उत्पादन प्राप्त हो सके.उन्होंने धान सहित अन्य खरीफ फसलों में लगने वाले विभिन्न रोगों एवं कीटों की पहचान और उनके उपचार के उपायों के बारे में भी विस्तार से बताया.साथ ही किसानों को समय-समय पर खेतों की निगरानी करने एवं वैज्ञानिक तरीके से दवा का उपयोग करने की सलाह दी गई.

कार्यशाला में कृषि विभाग भरनो के एटीएम एवं बीटीएम द्वारा विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसानों को दी गई.किसानों को बीज वितरण,अनुदान योजना,कृषि यंत्र सहायता एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया.प्रखंड कृषि पदाधिकारी अंशुल टोप्पो ने खरीफ फसल की खेती के साथ-साथ मिट्टी जांच के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मिट्टी की जांच कर खेती करने से फसल उत्पादन बढ़ता है तथा भूमि की उर्वरा शक्ति भी बनी रहती है.उन्होंने किसानों से नियमित रूप से मिट्टी जांच कराने की अपील की.

मौके पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी मंजू खाखा, बीटीएम शशी समा खलखो, एटीएम रोहित कुजूर, अकाय अनमोल कुजूर, किसान मित्र आयता उरांव, सेराज खान,सोमेश्वर उरांव, दीपक उरांव,सहदेव सिंह, भगवती महतो,संध्या कुमारी समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें:  बुढ़मू में दहेज निषेध पर जागरूकता बैठक आयोजित, टोला-टोला अभियान की तैयारी