मुठभेड़ में मारे गए गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का शव पहुंचा पैतृक गांव, उमड़ी ग्रामीणों की भीड़; कल होगा अंतिम संस्कार

Dipali Kumari

कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का शव उसके पैतृक गांव हुसैनाबाद प्रखंड के मरहा पथरा पहुंच गया है.

न्यूज़11 भारत 
पलामू/डेस्क: 
झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का शव उसके पैतृक गांव हुसैनाबाद प्रखंड के मरहा पथरा पहुंच गया है. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अब उसका अंतिम संस्कार कल बुधवार को गांव के समीप स्थित कररबार नदी के तट पर पूरे रीति-रिवाज के साथ किया जाएगा.

इधर गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का शव गांव पहुंचते ही उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात हैं. पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है.

ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि अंतिम संस्कार में सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा शामिल हो सकती है, जिसके कारण दाह संस्कार का समय आगे बढ़ाया गया है. हालांकि, रिया सिन्हा के शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है क्योंकि वह भी वर्तमान में जेल में बंद है. इलाके में सुरक्षा को लेकर पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है.

इसे भी पढ़ें: JPSC मामले पर सीएम हेमंत सोरेन का बड़ा बयान, बोले- सरकार की पैनी नजर, जल्द होगा फैसला