मनीष मंडल/न्यूज 11 भारत
बेंगाबाद/डेस्क: स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के तहत गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड की कर्णपुरा पंचायत में मंगलवार को पंचायत भवन में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन पर एक दिवसीय कार्यशाला हुई. अध्यक्षता मुखिया राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने की. शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ.
कार्यशाला का उद्देश्य किशोरियों-महिलाओं को माहवारी से जुड़ी चुप्पी तोड़ने, वैज्ञानिक जानकारी देने और भ्रांतियां दूर करने के लिए प्रेरित करना रहा. यूनिसेफ की सहयोगी संस्था LEADS के जिला प्रतिनिधि संजय भारती व संतोष कुमार सिंह ने स्वच्छता प्रबंधन पर जोर दिया. उन्होंने बताया कि माहवारी में हर 4-6 घंटे में साफ पैड या सूती कपड़ा बदलें और सुरक्षित निपटान करें.
पोषण पर चर्चा करते हुए आयरन युक्त आहार, हरी सब्जी, गुड़-चना लेने की सलाह दी गई. साथ ही रसोई, मंदिर न छूने जैसी कुरीतियों को वैज्ञानिक तर्कों से खारिज किया. स्कूलों में फ्री सैनिटरी पैड व आंगनबाड़ी में MHM कॉर्नर की जानकारी भी दी गई.
कार्यशाला में 70+ महिलाओं ने हिस्सा लिया, जिनमें जलसहिया, आंगनबाड़ी सेविका, SHG दीदियाँ, वार्ड सदस्य व किशोरियां शामिल रहीं.
मुखिया राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने कहा, "माहवारी बीमारी या शर्म नहीं, प्राकृतिक प्रक्रिया है. पंचायत हर टोला में जागरूकता बैठक कराएगी." अंत में सभी ने दस अन्य महिलाओं को जागरूक करने का संकल्प लिया. मुखिया द्वारा सैनिटरी पैड वितरण भी किया गया.
यह भी पढ़ें: संघर्ष से सफलता तक : युवा फुटबॉलर Divyani Linda ने GEM बालिकाओं संग साझा किया अनुभव