न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: मेदिनीनगर शहर में बेकाबू हो चुके सड़क अतिक्रमण को लेकर पलामू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्यों ने गहरी चिंता जताई है. चेंबर के एक प्रतिनिधिमंडल ने मेदिनीनगर नगर निगम के महापौर, नगर आयुक्त, पलामू उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और सदर एसडीओ को पत्र सौंपकर इस समस्या से निजात दिलाने की गुहार लगाई है.
चेंबर के पदाधिकारियों का कहना है कि स्थानीय व्यवसायी भारी-भरकम पूंजी लगाकर शहर में बड़े-बड़े ब्रांड्स के शोरूम खोल रहे हैं, लेकिन इन प्रतिष्ठानों के ठीक सामने बेतरतीब ढंग से ठेला और खोमचा लगा दिया जाता है. इस वजह से पूरा रास्ता जाम हो जाता है और शोरूम तक ग्राहक पहुंच ही नहीं पा रहे हैं. चेंबर के महामंत्री इंद्रजीत सिंह डिंपल ने कहा कि अगर अतिक्रमण का यही हाल रहा, तो आने वाले समय में बड़े ब्रांड शहर में अपनी दुकानें खोलने से डरेंगे. उन्होंने प्रशासन से इस मामले पर तुरंत कड़ा संज्ञान लेने का आग्रह किया है.
झारखंड चैंबर के रीजनल उपाध्यक्ष रिंकू दुबे ने कहा कि व्यवसायी वर्ग प्रशासन को हर तरह का सहयोग देने के लिए तैयार है. नगर निगम ने इन ठेला व्यवसायियों के लिए शहर के सबसे मुख्य स्थल, डॉ. राजेंद्र प्रसाद चौक के पास जगह भी तय कर रखी है, लेकिन वे वहां जाना नहीं चाहते. इसका नतीजा यह है कि बाजार का मुख्य मार्ग इतना संकरा हो गया है कि वहां से एम्बुलेंस या दमकल की गाड़ियों का गुजरना भी नामुमकिन हो चुका है. वहीं, कमेटी के सदस्य राकेश सोनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन से गुहार लगाने के बाद भी इन अतिक्रमणकारियों को नहीं हटाया गया, तो व्यवसायियों को मजबूरी में माननीय उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) की शरण लेनी पड़ेगी.
चेंबर सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि शहर में अतिक्रमण इस हद तक बढ़ गया है कि सरकारी स्टेट बस डिपो, जहां से छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश, बंगाल और दिल्ली के लिए बसें चलती हैं, वहां भी कब्जा कर लिया गया है. बस डिपो में महिलाओं के बैठने के लिए बने प्रतीक्षालय पर सब्जी विक्रेताओं ने अपने कैरेट रखकर पूरी तरह कब्जा जमा लिया है और नगर निगम प्रशासन इस पर पूरी तरह मौन साधे बैठा है.
ठेला चालकों के लिए स्थान सुरक्षित, नहीं गए तो होगी करवाई : मेयर
अतिक्रमण के इस गंभीर मुद्दे पर महापौर अरुणा शंकर ने बताया कि नगर निगम बोर्ड की बैठक में कई व्यस्ततम मार्गों को 'नो वेंडर जोन' घोषित कर दिया गया है. जल्द ही जिला प्रशासन को पत्र भेजा जा रहा है ताकि इन मुख्य सड़कों से अतिक्रमण को पूरी तरह हटाया जा सके. महापौर ने स्पष्ट किया कि फुटपाथ दुकानदारों और ठेला चालकों के लिए शहर की सबसे महंगी जमीन, डॉ. राजेंद्र प्रसाद चौक स्थित पुलिस क्लब के पास आवंटित की गई है. अगर वे वहां नहीं जाना चाहते, तो नुकसान उनका खुद का होगा. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि बड़ा तालाब के पास आधुनिक सब्जी बाजार भी बनकर पूरी तरह तैयार है. जल्द ही नाले के ऊपर बैठकर सब्जी बेचने वालों को उस नए बाजार में ससम्मान दुकान लगाने के लिए स्थान दिया जाएगा. जो नियमों का पालन नहीं करेंगे, उन पर कार्रवाई होगी.