तमाड़ में सैलून की आड़ में चल रहा था गांजे का कारोबार, 3.9 किलो गांजा बरामद, संचालक गिरफ्तार 

Ark Sahuliyar

एक सैलून दुकान से करीब 3.9 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद

संतोष मेहता/न्यूज़11 भारत 
तमाड़/डेस्क:
थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सैलून दुकान से करीब 3.9 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया है. मामले में पुलिस ने सैलून संचालक तीजनाथ हजाम (44 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. आरोपी तमाड़ थाना क्षेत्र के देउड़ी गांव का रहने वाला है. इस संबंध में तमाड़ थाना कांड संख्या-36/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा-20 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस को  गुप्त सूचना मिली थी कि मां होटल के समीप पतरा जंगल की ओर जाने वाली सड़क किनारे स्थित एक सैलून दुकान में अवैध रूप से गांजे की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ओमप्रकाश के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने मौके पर पहुंचकर सैलून दुकान की तलाशी ली, जहां से करीब 3.9 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया गया.  पूछताछ के दौरान आरोपी बरामद मादक पदार्थ के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. इसके बाद बरामद गांजे को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.