न्यूज़11 भारत
राँची/डेस्क: उत्तराखंड के चमोली जिले में मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल धंसने से बड़ा हादसा हो गया है. टनल में पानी और मलबा घुसने के कारण कई मजदूर अंदर फंस गए. हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की खबर सामने आई है. झारखंड के खूंटी, गुमला समेत अन्य जिलों के कुछ श्रमिक भी मलबे में फंसे हैं. इसकी जानकारी मिलते ही झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी से फोन पर बात की और स्थिति की जानकारी ली.
सीएम धामी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आश्वस्त किया है कि सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. सीएम हेमंत ने सोशल मीडिया एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि बार-बार निर्माणाधीन सुरंगों में हादसों और श्रमिकों के फंसे होने की खबरें मन को व्यथित करती हैं. उन्होंने लिखा कि विकास जरूरी है, लेकिन प्रकृति के सम्मान और पर्यावरणीय संतुलन के साथ. प्रकृति के अंधाधुंध दोहन के गंभीर परिणाम हमें बार-बार चेताते हैं.
सीएम ने हेल्पलाइन नंबर जारी करते हुए कहा कि झारखंड के उन लोगों से अपील है जिनके परिवार के सदस्य या परिचित इस प्रोजेक्ट पर काम करने गए हैं, कृपया राज्य सरकार के कंट्रोल रूम नंबरों पर संपर्क करें और जानकारी साझा करें.
1. हेल्पलाइन नंबर (टोल-फ्री): 1800-3456-526
2. हेल्पलाइन WhatsApp नंबर: 9470132591, 9431336472, 9431336427