संतोष कुमार/न्यूज11 भारत
चांडिल/डेस्क: कपाली ओपी पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई है. इस संबंध में कपाली ओपी(चांडिल थाना) कांड संख्या 105/26 दिनांक 31 जुलाई 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बीए)/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी दल ने गुप्त सूचना के आधार पर पुड़ीसिली स्थित महतो होटल के समीप घेराबंदी की. पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक स्कूटी पर हथियार लेकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं. पुलिस वाहन को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के सोनारी थाना क्षेत्र के निर्मलनगर दोमुहानी बिलासबस्ती निवासी गुड्डू उर्फ राकेश गोस्वामी (26) के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
एसडीपीओ शिव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, दंगा, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न संगीन धाराओं में 10 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इस छापेमारी टीम में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, सब इंस्पेक्टर हसनैन अंसारी एवं कपाली ओपी के पुलिस बल शामिल थे.
यह भी पढ़ें: बेंगाबाद थाना परिसर में सेवानिवृत्त एसआई सुरेंद्र सिंह को दी गई भावुक विदाई