प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह शुक्रवार को बरवाडीह प्रखंड के मंगरा पहुंचे. इस दौरान उन्होंने मंगरा में प्रस्तावित अंडरपास निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान होगा. सांसद ने कहा कि अंडरपास निर्माण को लेकर प्रक्रिया तेज कर दी गई है और अगले 10 दिनों के अंदर टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.सांसद ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से वादा किया था कि मंगरा में अंडरपास का निर्माण जरूर कराया जाएगा. आज उसी वादे को पूरा करने के लिए यहां आया हूं. उन्होंने कहा, “मैं अपना कर्ज उतारने आया हूं. जिस मंगरा गांव में चुनाव के दौरान मेरे खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगे थे, उसी क्षेत्र के लोगों ने मुझे करीब 90 प्रतिशत वोट देकर अपना आशीर्वाद दिया. यहां के लोगों का प्यार और विश्वास मेरे लिए बड़ी जिम्मेदारी है.उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसी सोच के साथ गांव-गांव तक विकास पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. सांसद ने कहा कि जब अंडरपास का निर्माण पूरा हो जाएगा तो वह इसी रास्ते से होकर आएंगे.
मंगरा स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज निर्माण का आश्वासन
ग्रामीणों की मांग पर सांसद ने कहा कि मंगरा रेलवे स्टेशन पर भी जल्द फुट ओवरब्रिज निर्माण कराया जाएगा, जिससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी. वहीं पहाड़ी शिव मंदिर जाने वाले रास्ते पर भी फुट ओवरब्रिज निर्माण को लेकर सकारात्मक पहल करने की बात कहीबरवाडीह-चिरमिरी रेल लाइन परियोजना को मिली स्वीकृति, इसी वर्ष शुरू होगा काम सांसद ने क्षेत्र के लोगों को बड़ी जानकारी देते हुए कहा कि बरवाडीह-चिरमिरी रेल लाइन परियोजना की स्वीकृति मिल चुकी है और इसी वर्ष इस परियोजना पर काम शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह रेल परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और इससे लोगों को बेहतर यातायात सुविधा, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.
पूर्व मुखिया के आवास पर प्रबुद्धजनों का सम्मान
सांसद मंगरा के पूर्व मुखिया सूर्यदेव सिंह के आवास पहुंचे, जहां प्रबुद्धजनों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके से ही अधिकारियों को निर्देश दिए. सांसद ने कहा कि कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच भोजन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है.
ग्रामीण समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई
मंगरा विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों ने सांसद को आवेदन सौंपा. सांसद ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी को तलब किया और एक सप्ताह के अंदर शिक्षक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.वहीं बिजली समस्या को लेकर ग्रामीणों ने दो बिजली पोल लगाने की मांग रखी. सांसद ने मौके से ही बिजली विभाग के एसडीओ से बात कर दो दिनों के अंदर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष छोटू राजा, भाजपा जिलाध्यक्ष बंशी यादव,प्रखंड प्रमुख सुशीला देवी, सांसद प्रतिनिधि कन्हाई सिंह, ईश्वरी सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता, दीपक तिवारी, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष मनोज प्रसाद,भाजयुमो बरवाडीह उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार,जिला सोशल मीडिया सह प्रभारी बंटी ठाकुर ,वरिष्ठ भाजपा नेता विष्णु राम ,श्यामली शर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद थे.