छड़वा डैम का हुआ निरीक्षण, पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की कवायद तेज

News11 Bharat

विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़11 भारत
बरही/डेस्क:
हजारीबाग जिले के छड़वा डैम परिसर का शनिवार को उपायुक्त ने स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित बोटिंग सुविधा, पार्क निर्माण स्थल, बहुउद्देशीय भवन और पार्किंग स्थल का जायजा लिया.

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ पूरे परिसर का भ्रमण किया और विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छड़वा डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए विस्तृत कार्य योजना, डिजाइन और रूपरेखा शीघ्र तैयार की जाए.

उपायुक्त ने कहा कि प्रस्तावित बोटिंग सुविधा के लिए सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए. पार्क निर्माण में हरियाली, बैठने की व्यवस्था, बच्चों के खेल क्षेत्र और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया. बहुउद्देशीय भवन को इस प्रकार डिजाइन करने का निर्देश दिया गया कि वहां पर्यटकों के लिए सूचना केंद्र, कैफेटेरिया और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें. साथ ही पार्किंग स्थल को व्यवस्थित और पर्याप्त क्षमता वाला बनाने पर जोर दिया गया.

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से मूर्त रूप दिया जाए और कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो. बरसात से पहले प्रारंभिक कार्यों को गति देने और तकनीकी बाधाओं को दूर करने के लिए समन्वय के साथ काम करने को कहा गया. उल्लेखनीय है कि छड़वा डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने से जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. इससे न केवल हजारीबाग की प्राकृतिक सुंदरता को पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे. बोटिंग, पार्क और अन्य सुविधाओं के विकसित होने से आसपास के दुकानदारों, गाइडों और परिवहन से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है. निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी और संबंधित विभागों के अभियंता मौजूद रहे.

यह भी पढ़े: दादपुर पैक्स चुनाव में कांटे की टक्कर, अमित सिंह ने एक वोट से मारी बाजी