प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: परियोजना +2 विद्यालय, छिपादोहर में शुक्रवार को छिपादोहर थाना प्रभारी याकिन अंसारी के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें डायल-112 की उपयोगिता, साइबर अपराध से बचाव, सड़क सुरक्षा, बाल विवाह निषेध, दहेज प्रथा एवं डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी.
थाना प्रभारी याकिन अंसारी ने कहा कि बदलते दौर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं. ऐसे में किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करें, ओटीपी, बैंक खाता या एटीएम से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें. उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की.
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका संतोषजनक उत्तर दिया गया. पुलिस ने किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर संपर्क करने की सलाह दी. विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक हैं.