JPSC प्रीलिम्स पास अभ्यर्थियों से CID ने मांगी OMR शीट की कार्बन कॉपी, WhatsApp नंबर व ईमेल जारी

Dipali Kumari

CID ने  प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों से उनकी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी मांगी है.

न्यूज़11 भारत 
रांची/डेस्क: 
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही CID ने  प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों से उनकी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी मांगी है. इसके लिए व्हाट्सएप नंबर और ईमेल आईडी जारी किया है. सफल अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे पेपर-1 और पेपर-2 की ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी का PDF बनाकर या तस्वीर खींचकर व्हाट्सएप या इमेल के जरिए सीआईडी की SIT को भेजें. इसके लिए व्हाट्सएप नंबर 9934309058 और ईमेल आईडी Complainjpsc.cid@jhpolice.gov.in जारी किया गया है.

पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते से पूछताछ

बताते चलें CID ने मामले की जांच तेज कर दी है. मामले में फिलहाल जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते से पूछताछ चल रही है. कल 29 जुलाई को लगातर दूसरे दिन एल खियांग्ते से CID कार्यालय में घंटों पूछताछ चली. वहीं एक दिन पूर्व 28 जुलाई को भी उनसे करीब 8 घंटे तक पूछताछ हुई थी. पूछताछ के दौरान सीआईडी अधिकारियों ने खियांग्ते से परीक्षा संचालन, चयन प्रक्रिया और भर्ती से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी ली. सीआईडी ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते को 31 जुलाई को फिर पूछताछ के लिए बुलाया है.

इसे भी पढ़ें: BREAKING NEWS: बड़कागांव में पुलिस व प्रिंस खान गैंग के बीच मुठभेड़, एक अपराधी घायल