ड्रोन तकनीक की मदद से सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, चूरी माइंस व आसपास के क्षेत्रों से 1.026 टन अवैध कोयला बरामद

Pramod Kumar,News11 Bharat,

मुमताज अहमद/न्यूज11  भारत 

खलारी/डेस्क:   खलारी. सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल एनके एवं पिपरवार द्वारा अवैध कोयला चोरी एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में मंगलवार को चूरी माइन्स एवं उसके आसपास के बैक साइड क्षेत्र में ड्रोन तकनीक की सहायता से विशेष कोल रेड अभियान चलाया गया. यह अभियान उप-समादेष्टा दिनेश कुमार एवं सहायक समादेष्टा मनोहर बरवाहा के कुशल पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ. मिली जानकारी के अनुसार छापेमारी अभियान दोपहर 1ः00 बजे से 2ः20 बजे तक चलाया गया.

अभियान के दौरान कुल 1.026 टन अवैध कोयला बरामद किया गया. बरामद कोयले का विधिवत वजन कर संबंधित प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया. अभियान में निरीक्षक एस.पी. तिग्गा, निरीक्षक आर.के. गौतम, उप निरीक्षक अनिल राय एवं अतुल पंत (क्राइम) सहित अन्य सीआईएसएफ जवान मौजूद थे. सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल एनके एवं पिपरवार के समादेष्टा श्री अमित कुमार ने बताया कि ालारी एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध कोयला चोरी, तस्करी तथा संगठित अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सीआईएसएफ आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग कर रही है.

उन्होंने कहा कि ड्रोन सर्विलांस, लगातार एम्बुश, कोल रेड एवं गुप्त सूचना तंत्र के माध्यम से असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है. सीआईएसएफ द्वारा ड्रोन तकनीक से लगातार निगरानी एवं छापेमारी किए जाने से चूरी एवं खलारी क्षेत्र में सक्रिय कोयला चोरों और तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है. लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त लोगों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है. साथ ही भविष्य में भी इसी प्रकार लगातार अभियान चलाकर अवैध कोयला कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: गढ़वा उपायुक्त ने जनसुनवाई में सुनी आमजन की समस्याएं, शिकायतों के समाधान का संबंधित पदाधिकारियों को दिया निर्देश